


प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने चौपाल लगाकर जानी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
मुंगेली जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन की संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार ग्राम शिवलखार पहुंचे और जमीन पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख सचिव के समक्ष रखीं। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वनांचल क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए तथा जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।
आवास योजना से संबंधित एक महिला की शिकायत पर प्रमुख सचिव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
इस दौरान प्रमुख सचिव ने मोबाइल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण भी किया और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

