
रायपुर।छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बलरामपुर जिले के बलरामपुर एवं पस्ता क्षेत्र में खनिज विभाग और संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अवैध रूप से गिट्टी परिवहन करते चार हाइवा वाहनों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों से परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति मांगी गई, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया गया।
प्रदेश सरकार द्वारा खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन समन्वय बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

