Thursday, June 11, 2026
Homeकरौलीखेड़ी हैबत में आज होगा रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ,जिला कलेक्टर अक्षय...

खेड़ी हैबत में आज होगा रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ,जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा एवं पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने किया प्रतियोगिता पोस्टर का विमोचन

मूकनायक ओमप्रकाश वर्मा राष्ट्रीय प्रभारी

हिंडौन सिटी/ करौली/राजस्थान

करौली जिले के गांव खेड़ी हैबत में आज से शुरू होने जा रही भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है। मंगलवार को प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन करौली जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा एवं पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल द्वारा किया गया। पोस्टर विमोचन के बाद से ही ग्रामीणों और युवाओं में प्रतियोगिता को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

गांव की गलियों, चौपालों और बाजारों में हर तरफ क्रिकेट प्रतियोगिता की चर्चाएं सुनाई दे रही हैं। युवा खिलाड़ी जहां अपनी-अपनी टीमों के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं ग्रामीण भी रात्रिकालीन मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान दूधिया रोशनी में खेले जाने वाले मुकाबले आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर मिलेगा। बुजुर्गों से लेकर बच्चे और महिलाएं भी मैच देखने को लेकर काफी उत्साहित हैं। कई ग्रामीणों ने अपने घरों और दुकानों पर प्रतियोगिता के पोस्टर एवं बैनर लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व सांसद डॉ . मनोज राजोरिया द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन मुकाबला जिला चिकित्सालय हिंडौन सिटी के डॉक्टर्स की टीम एवं जीवन ज्योति फाउंडेशन टीम के बीच खेला जाएगा। जिला चिकित्सालय टीम की कप्तानी डॉ. आशीष शर्मा करेंगे, जबकि जीवन ज्योति फाउंडेशन टीम का नेतृत्व स्वयं डॉ. मनोज राजोरिया करेंगे। आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह इस बात को लेकर भी है कि पूर्व सांसद स्वयं मैदान में उतरकर अपनी टीम के लिए फील्डिंग करते नजर आएंगे।

गांव के युवाओं का कहना है कि क्रिकेट अब खेल के साथ साथ आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक जुड़ाव का माध्यम बन चुका है। रात्रिकालीन मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। बच्चों में भी क्रिकेट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का समर्थन करने की तैयारियों में लगे हुए हैं।

आयोजन समिति से जुड़े सदस्य मोनू चौधरी एवं सत्य प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 61 हजार रूपये तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए गांव के युवा दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। मैदान की विशेष सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था एवं दर्शकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है ताकि सभी लोग रात्रिकालीन मैचों का भरपूर आनंद उठा सकें।

ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन गांव की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक माहौल भी तैयार करते हैं। खेड़ी हैवत की यह रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता अब पूरे क्षेत्र के लिए उत्सव का रूप ले चुकी है, जिसका हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments