बिलासपुर में बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन, धम्म रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
मूकनायक
विशेष संवाददाता
बिलासपुर छत्तीसगढ़
बुद्धयान सोसायटी बौद्ध समाज भारत (रजिस्टर्ड) द्वारा आगामी 1 मई 2026 को त्रिगुण बुद्ध पूर्णिमा (बुद्ध जयंती) महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम होटल ग्रैंड अर्जुन, बुद्धा पेट्रोल पंप के सामने, रायपुर रोड तिफरा, बिलासपुर में आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे से होगा और यह शाम 6:00 बजे तक चलेगा। इस अवसर पर धम्म देशना (धार्मिक प्रवचन) के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो समाज में शांति, करुणा और समता का संदेश प्रसारित करेंगे।
महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण धम्म रैली होगी, जिसमें बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी एवं समाजजन भाग लेकर भगवान बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। यह रैली सामाजिक सद्भाव और जागरूकता का संदेश देने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्रमनेर भंते बोधिसिरी जी, महिपाल सिंह बौद्ध, मनोज बौद्ध, विनोद बौद्ध, संतोष बौद्ध सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
आयोजकों ने सभी बौद्ध अनुयायियों एवं आम नागरिकों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और भगवान बुद्ध के उपदेशों को आत्मसात करने की अपील की है।


