मूकनायक न्यूज/सुमेरपुर/पाली/राजस्थान।
सुमेरपुर। बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एजुकेट गर्ल्स संस्था द्वारा संचालित ‘प्रगति कैंप’ के तत्वावधान में शनिवार 11अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामुदायिक भवन सुमेरपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में कैंप की बालिकाओं के लिए ज्योतिबा फुले के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रखी गई।प्रगति कैंप की प्रेरक शकुन कुमारी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को समाज सुधारक ज्योतिबा फुले के संघर्षों और शिक्षा के प्रति उनके विजन से रूबरू कराना था। प्रतियोगिता में पुष्पा कुमारी ने प्रथम, पूजा कुमारी ने द्वितीय और धनु कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्था का मान बढ़ाया।मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर ओमप्रकाश कुमावत ने विजेता बालिकाओं को ‘स्पेरो हाउस’ भेंट कर पशु पक्षियों की सेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि एजुकेट गर्ल्स संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है। ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे बड़ा हथियार है। इस दौरान सहायक आचार्य डॉ.सुरेश कुमार और पूर्व प्रेरक प्रकाश कुमार ने ज्योतिबा फुले के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला और प्रगति कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास और ज्ञान का संचार होता है। प्रेरक शकुन कुमारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और अधिक से अधिक बालिकाओं को एजुकेट गर्ल्स संस्था के ‘प्रगति कैंप’ से जुड़ने का आह्वान किया ताकि कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे। इस अवसर पर डॉ. सुरेश कुमार,दंपति शकुन कुमारी- प्रकाश कुमार,लक्ष्मण कुमार चुली,गुंजन कुमारी,मीणा कुमारी,पवना कुंवर,आशा कुमारी पूरन कुमारी, अनुष्का राज,अंजली मीणा,किंजल कुमारी,कोमल कुमारी सहित पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

