राष्ट्रीय अधिवेशन हेतु स्वस्थ्य एवं समाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडील से मिला प्रतिनिधि मंडल दिया निमंत्रण |
सुषमा पूंटा, संवाददाता रोहडू | हिमाचल प्रदेश कोली समाज की राज्य स्तरीय गतिविधियों के अंतर्गत आज महत्वपूर्ण बैठकें सम्पन्न हुईं, जिनमें समाज के राष्ट्रीय व प्रदेश के पदाधिकारियों ने विभिन्न मुद्दों पर अहम चर्चा की।
सबसे पहले अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप, प्रदेशाध्यक्ष अमर चन्द शलाठ तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सचिव उत्तम सिंह कश्यप ने कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल, माननीय स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री से उनके सरकारी आवास शिमला में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंत्री महोदय को 21 जून 2026 को नई दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु अनौपचारिक निमंत्रण दिया। मंत्री महोदय ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया। ज्ञात हो कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से लगभग 5,000 प्रतिभागियों की उपस्थिति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
तदोपरांत प्रदेशाध्यक्ष अमर चन्द शलाठ, राष्ट्रीय सचिव उत्तम सिंह कश्यप, राज्य कोषाध्यक्ष नेत्र सिंह चौहान, विधि सलाहकार सतीश आर्य एवं कार्यालय सचिव एल.आर. कौशल ने जिलाधीश अनुपम कश्यप (IAS) से उनके कार्यालय में मुलाकात की। बैठक में हिमाचल प्रदेश कोली समाज के पंजीकरण से संबंधित विचाराधीन प्रकरण, जो सहायक पंजीयन (DC) कार्यालय शिमला में लंबित है, को हिमाचल प्रदेश सहकारिता विभाग को स्थानांतरित किए जाने विषय पर चर्चा की गई। जिलाधीश महोदय ने मामले को बिना विलंब संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
इसी दौरान ठियोग में प्रस्तावित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के संबंध में DC साहिब से मिलने आए अंबेडकरवादी संस्था से जुड़े स्वजातीय बंधुओं तथा अन्य अनुसूचित समाज के प्रतिनिधियों के साथ भी उपरोक्त पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से भेंट की। जिलाधीश महोदय ने इस विषय में भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही के आदेश प्रदान किए।
समाज के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इन सकारात्मक पहलुओं से कोली समाज की संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक हितों को नई दिशा मिलेगी।

