मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में सल्टौआ क्षेत्र में संचालित ‘अमित हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर’ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उसे सीज कर दिया। यह कार्रवाई उस समय तेज हुई जब अस्पताल से जुड़े एक प्रकरण में एमओआईसी डॉ. अमित कन्नौजिया के साथ मारपीट की घटना सामने आई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर अस्पताल के खिलाफ कठोर कदम उठाया
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि सल्टौआ क्षेत्र में कुछ अस्पताल और जांच केंद्र बिना वैध पंजीकरण, लाइसेंस और जरूरी मानकों के संचालित किए जा रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस बल के साथ अमित हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जांच में अस्पताल संचालक कोई भी वैध दस्तावेज, पंजीकरण प्रमाण-पत्र, एनओसी या अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर कई गंभीर अनियमितताएं भी पाईं। बताया गया कि अस्पताल में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल अस्पताल को सीज करने का निर्णय लिया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह ने कहा कि जनपद में किसी भी अवैध अस्पताल, झोलाछाप चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड सेंटर या पैथोलॉजी केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि अमित हॉस्पिटल के पास संचालन के लिए आवश्यक कागजात नहीं थे। अनियमितताएं पाए जाने पर इसे तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। जनपद के अन्य अवैध अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद सल्टौआ और आसपास के क्षेत्रों में बिना लाइसेंस चिकित्सा संस्थान चलाने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने भी चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति या मानक पूरे किए अस्पताल, क्लीनिक या जांच केंद्र संचालित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को जनहित में बड़ी पहल माना जा रहा है।

