Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअंबेडकर पार्क की सुरक्षा को लेकर मुखर हुई आवाज, मूकनायक समाचार बस्ती...

अंबेडकर पार्क की सुरक्षा को लेकर मुखर हुई आवाज, मूकनायक समाचार बस्ती टीम के प्रयासों की सराहना

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्कों की जमीन को सुरक्षित करने और अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मांग अब तेज होती जा रही है। इसी क्रम में साल्टौआ ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा शिवाघाट में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के लिए छोड़ी गई भूमि की पैमाइश कराई गई। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया और उन्होंने इसे सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस पूरे मामले को उठाने में मूकनायक समाचार बस्ती टीम दुर्गेंद्र सम्राट, राजेश कुमार, इंद्रसेन गौतम की भूमिका को लोगों ने काफी सराहा। ग्रामीणों का कहना है कि टीम ने अंबेडकर पार्क की जमीन को लेकर न सिर्फ आवाज उठाई, बल्कि प्रशासन तक मामला पहुंचाने में भी अहम योगदान दिया। लोगों ने मांग की कि जिले में जहां-जहां भी अंबेडकर पार्क की जमीन है, उसे सुरक्षित किया जाए और यदि कहीं अवैध कब्जा है तो उसे तत्काल खाली कराया जाए।

बताया गया कि अंबेडकर पार्क के लिए आरक्षित जमीन पर अवैध कब्जे और साफ-सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर राजस्व टीम पहुंची। राजस्व टीम में लेखपाल संतोष चौधरी अपने सहयोगी दिनेश कन्नौजिया और अन्य टीम सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन की पैमाइश कराई। पैमाइश के दौरान स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई का स्वागत किया।

ग्रामीणों का कहना है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर छोड़ी गई जमीन केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और चेतना का प्रतीक है। ऐसे में इस भूमि की सुरक्षा जरूरी है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण बढ़ता जाता है, जिससे समाज की सामूहिक संपत्ति प्रभावित होती है।

मौके पर हुई पैमाइश के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब प्रशासन आगे की कार्रवाई भी करेगा। यदि कहीं अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाया जाएगा और अंबेडकर पार्क की जमीन को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की कि पार्क स्थल की साफ-सफाई, सीमांकन और विकास की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं।

लोगों ने मूकनायक समाचार बस्ती टीम के इस प्रयास को जनहित की पत्रकारिता बताया। उनका कहना है कि ऐसे मुद्दे उठाना समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचायक है। अब क्षेत्र के लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। सभी की मांग है कि जिले में स्थित अंबेडकर पार्कों को सुरक्षित रखने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि सार्वजनिक भूमि पर किसी तरह का अवैध कब्जा न हो और इन स्थलों का विकास सम्मानपूर्वक किया जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments