दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल की बड़ी सफलता“,ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत 48 घंटे में 6.68 लाख के स्वर्ण आभूषण बरामद, 4 आरोपी
गिरफ्तार
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
नागपुर,
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत नागपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 11754 रिवा–इतवारी एक्सप्रेस में हुई स्वर्ण आभूषण चोरी की घटना का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में चोरी गए करीब 6.68 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
////ऐसे हुई थी वारदात////
28 फरवरी 2026 को रिवा–इतवारी एक्सप्रेस के कोच बी/03 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपना लेदर ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखा था। 1 मार्च को गोंदिया स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद यात्री की नींद खुली तो बैग गायब था। बैग में रखे ज्वेलरी बॉक्स में लगभग ₹6,68,000 मूल्य के सोने के आभूषण थे।
यात्री ने इसकी शिकायत जीआरपी इतवारी में दर्ज कराई, जिसे क्षेत्राधिकार के आधार पर जीआरपी गोंदिया को स्थानांतरित किया गया।
////सीसीटीवी से सुराग, राज्यों में समन्वय////
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चन्द्र आर्य के निर्देशन में विशेष टास्क टीम गठित की गई। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जीआरपी व स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया।
बालाघाट, गोंदिया और रायपुर स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें चार संदिग्धों की पहचान हुई। रायपुर की एक धर्मशाला में उनके ठहरने की पुष्टि के बाद आधार व मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी मौजूदगी मध्य प्रदेश के कटनी और मैहर क्षेत्र में पाई गई।
संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी
रेसुब, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कटनी क्षेत्र में दबिश देकर चारों आरोपियों को चोरी गए ट्रॉली बैग और स्वर्ण आभूषणों सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
संतोष कौशल (40), रायबरेली, उत्तर प्रदेश
गोविंद कुमार महतो (32), बेगूसराय, बिहार
टुन्ना मंडल (50), मुंगेर, बिहार
मोहम्मद इम्तियाज (48), बेगूसराय, बिहार
आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जीआरपी थाना गोंदिया लाया गया है, जहां आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
///वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सफलता///
यह पूरी कार्रवाई महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुन्नवर खुर्शीद के निर्देशन में तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चन्द्र आर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सतर्कता से निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या निकटतम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट को दें।
इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल चोरी की घटना का पर्दाफाश किया, बल्कि अंतरराज्यीय समन्वय और सतर्क पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।


