Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगौर बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन...

गौर बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

मूकनायक/ राजेश कुमार रिपोर्टर बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। गौर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गौर बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर एक 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल और गौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नरथरी गांव निवासी सुनील शर्मा (26) पुत्र स्वर्गीय विश्वकर्मा शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे सुनील गौर बाजार के पास रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद था। इसी दौरान अचानक वह गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ बभनान के एसआई विश्वामित्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद गौर थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक रेलवे लाइन के पास था और अचानक ट्रेन आने के दौरान वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे पत्थरों के बीच पड़ा मिला, जिसे देखकर आसपास के लोग भी दहल गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनील मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह फर्नीचर बनाने का काम करता था और गांव में ही रहकर काम करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसका बड़ा भाई सऊदी अरब में नौकरी करता है। सुनील ही घर पर रहकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।

गौर थाना प्रभारी अतुल कुमार अंजान ने बताया कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। जैसे ही यह खबर सुनील के परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments