Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedखैरलांजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कीमत...

खैरलांजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कीमत लगभग 5.06 लाख रुपए

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
खैरलांजी (बालाघाट)

बालाघाट जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना खैरलांजी पुलिस ने अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 6 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध उत्खनन और रेत तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) वारासिवनी के मार्गदर्शन में खैरलांजी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

बताया गया कि 28-29 मार्च की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सवारी के गोंडीटोला नदी घाट में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपक गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में वाहन चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्ण माहुले (46 वर्ष), निवासी खैरलांजी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज अधिनियम और मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपक गौतम के साथ प्रधान आरक्षक देवेनलाल पन्द्रे, आरक्षक विष्णु जाट और आरक्षक आकाश अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे अवैध रेत उत्खनन पर अंकुश लगेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments