Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedएनटीपीसी सीपत संगवारी महिला समिति का सराहनीय कदम — दिव्यांग विद्यार्थियों को...

एनटीपीसी सीपत संगवारी महिला समिति का सराहनीय कदम — दिव्यांग विद्यार्थियों को मिला शुद्ध जल और ठंडी हवा का संबल

एनटीपीसी सीपत संगवारी महिला समिति का सराहनीय कदम — दिव्यांग विद्यार्थियों को मिला शुद्ध जल और ठंडी हवा का संबल

मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी

बिलासपुर छत्तीसगढ़

एनटीपीसी सीपत की संगवारी महिला समिति ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। दिनांक 03 मार्च 2026 को समिति द्वारा समाज कल्याण के अंतर्गत बिलासपुर के तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया।
समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल के नेतृत्व में सदस्याओं ने विद्यालय पहुंचकर अध्ययनरत 159 दिव्यांग बच्चों के लिए 01 सेट वॉटर कूलर (आरओ प्यूरीफायर सहित) तथा भीषण गर्मी से राहत हेतु 02 डेजर्ट कूलर भेंट किए। इसके साथ ही छात्रावास में निवासरत 120 बच्चों को टी-शर्ट, लोवर एवं बेडशीट भी प्रदान की गईं।
इस अवसर पर अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति आगे भी आवश्यकता अनुसार ऐसे सहयोगात्मक कार्य करती रहेगी। बच्चों ने भी समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी मधुर गायन प्रस्तुति से सभी को भाव-विभोर कर दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबीता कमलेश ने संगवारी महिला समिति के इस पुनीत प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को स्वच्छ पेयजल और गर्मी से राहत मिलेगी, जिससे उनके स्वास्थ्य और अध्ययन दोनों को लाभ होगा।
ज्ञातव्य है कि संगवारी महिला समिति द्वारा परियोजना प्रभावित आसपास के गांवों में महिलाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर विविध सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। जरूरतमंद संस्थाओं की सहायता कर समिति समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सार्थक योगदान दे रही है।
इस अवसर पर समिति की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती शर्मिष्ठा सिन्हा, श्रीमती दिमना सरकार सहित अन्य सदस्याएं एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।
समाज सेवा के इस प्रेरक प्रयास ने यह सिद्ध किया कि संवेदनशीलता और सहयोग से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments