Friday, April 17, 2026
HomeUncategorizedआल इंडिया समता सैनिक दल ने मनाया स्थापना दिवस, पुस्तक का हुआ...

आल इंडिया समता सैनिक दल ने मनाया स्थापना दिवस, पुस्तक का हुआ विमोचन

बालाघाट। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा 13 मार्च 1927 को स्थापित ऑल इंडिया समता सैनिक दल का स्थापना दिवस समारोह समता भवन, बुढ़ी (बालाघाट) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम संगठन के शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सलामी के साथ हुई। इसके बाद दल के सैनिकों द्वारा चौक से समता भवन तक लांग मार्च संचलन निकाला गया। कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण, सलामी, प्रतिज्ञा वाचन एवं सामूहिक त्रिशरण-पंचशील के साथ आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर ‘ऑल इंडिया समता सैनिक दल क्या और क्यों?’ पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एच. आर. गोयल ने की। प्रमुख अतिथियों में हरिश चहांदे, आर. एस. जावले, डॉ. संजय गजभिये, डॉ. भाऊराव राजदीप, अशोक रामटेके, डी. डी. वासनिक एवं रेखा गोंडाने सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष आमंत्रितों में जे. ई. शेण्डे, चितरंजन वासनिक, ओ. पी. चाटे, आर. सी. नागदेवे, दिलीप कुमार रागासे, आर. के. बांगरे, बी. सी. ऊके एवं एड. भीमा शिंदे ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

अतिथियों ने अपने संबोधन में संगठन के ऐतिहासिक उद्देश्य, वर्तमान प्रासंगिकता और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समता सैनिक दल समाज में न्याय, समानता और अनुशासन का सशक्त प्रहरी है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सैनिकों को शॉल, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही निःस्वार्थ सेवा एवं त्याग के लिए स्मृति शेष गुरुदत्त बोधि को आगामी 27 मार्च 2027 को नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्थापना दिवस कार्यक्रम में सम्मानित करने की घोषणा की गई।

आयोजन की सफलता में स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में जिला अध्यक्ष आयुष्मान विकास खाण्डेकर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

उक्ताशय जानकारी दल के प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव एस आर उके द्वारा दी गई है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments