

बिलासपुर, 27 फरवरी। बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहांगी में 28 फरवरी को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक धरमलाल कौशिक के साथ देर रात कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, किसानों के पंजीयन काउंटर तथा मीडिया व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम भी उपस्थित रही।
कलेक्टर ने कहा कि यह किसानों से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। विधायक कौशिक ने भी कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित होने पर संतोष व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। यह राशि प्रदेशभर के किसानों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे तथा कुछ किसानों से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी भी लेंगे।
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में संभावित बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति को देखते हुए व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं।

