Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedकलेक्टर-एसएसपी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक ,होली एवं...

कलेक्टर-एसएसपी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक ,होली एवं ईद पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने का निर्णय, पर्वों के मद्देनजर प्रशासन के पुख्ता इंतजाम

बिलासपुर। जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में होलिका दहन, 4 मार्च को होली तथा आगामी ईद-उल-फितर पर्व को आपसी तालमेल, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में सभी धर्मों एवं समुदायों का सम्मान करते हुए पर्व-त्योहार मनाने की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे आगे भी कायम रखना है। उन्होंने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को बनाए रखने की अपील की।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सुरक्षा के सभी मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान दुकानों पर मुखौटे बेचने पर प्रतिबंध रहेगा।

बैठक में पुलिस, नगर पालिक निगम, नगर सेना, सिम्स, जिला अस्पताल एवं विद्युत मंडल सहित संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों ने पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर सहमति व्यक्त की।

नगर निगम द्वारा होलिका दहन स्थलों को चिन्हित कर साफ-सफाई और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस विभाग को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, सिम्स, जिला अस्पताल सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। बीच सड़क या बिजली तारों के नीचे होलिका दहन नहीं किया जाएगा। मुख्य मार्गों और आंतरिक गलियों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। नगर सेना की फायर ब्रिगेड टीम अलर्ट रहेगी। सिम्स एवं जिला अस्पताल 24 घंटे खुले रहेंगे। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और आपात स्थिति में त्वरित सुधार हेतु टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू, शांति समिति के सदस्य हबीब मेमन, सुधीर खण्डेलवाल, चंचल सलूजा, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments