Thursday, February 26, 2026
Homeभिंडदबोह में बस स्टैंड के अभाव से यातायात अव्यवस्थित, यात्रियों को बुनियादी...

दबोह में बस स्टैंड के अभाव से यातायात अव्यवस्थित, यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं का संकट

मूकनायक/ बुद्धप्रकाश बौद्ध पत्रकार

दबोह, 18 दिसम्बर।
कस्बा दबोह में अब तक व्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका है, जिसके चलते न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का भी सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के मुख्य मार्ग पर ही बसों का ठहराव होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी होती है।

बस स्टैंड न होने के कारण यात्री थाने की बाउंड्री पर बैठकर या आसपास की दुकानों के टीनशेड के नीचे खड़े होकर बसों की प्रतीक्षा करने को मजबूर हैं। इससे यात्रियों को असुविधाजनक हालात में समय बिताना पड़ता है।

कस्बे में यात्रियों के लिए पीने के पानी और शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। सार्वजनिक शौचालय की कमी के चलते महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है, क्योंकि उनके लिए कोई अलग शौचालय उपलब्ध नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर खड़ी बसों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सुबह और शाम के समय, जब बाजार और स्कूलों की आवाजाही अधिक होती है, तब स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस सहित आपात वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है।

नागरिकों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि शीघ्र ही कस्बे में स्थायी बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए तथा यात्रियों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुधरे और आमजन को राहत मिल सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments