दबोह, 01 सितंबर / मूकनायक । दबोह कस्बे में शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शासकीय कन्या हाई स्कूल में पदस्थ शिक्षक शराफत खान ने कक्षा 4 की एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। घटना सोमवार को सुबह 11 से 12 बजे के बीच हुई। पीड़िता घटना से घबराई हुई अपने परिजनों को बताकर थाने पहुंची। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक शराफत खान को गिरफ्तार कर लिया और पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में शाम को करीब 7 बजे मामला दर्ज किया है।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि “हमें विश्वास ही नहीं हो रहा कि एक शिक्षक, जिसे बच्चियों की रक्षा और शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है, वह ऐसा घिनौना काम कर सकता है। हम चाहते हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले।”
स्कूल प्रबंधन ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संस्था प्रमुख ने कहा कि “यह घटना निंदनीय है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी और छात्राओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।”
स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। कस्बे के नागरिकों ने आरोपी को कठोर दंड देने की मांग की है। एक नागरिक ने कहा, “शिक्षक जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह का अपराध अक्षम्य है। सरकार को ऐसे अपराधियों को स्थायी रूप से सेवा से बर्खास्त कर जेल भेजना चाहिए।”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चालान अदालत में पेश किया जाएगा।

