Thursday, February 26, 2026
Homeभिंडभिंड में कलेक्टर बंगले के बाहर धरने पर बैठे विधायक, खाद संकट...

भिंड में कलेक्टर बंगले के बाहर धरने पर बैठे विधायक, खाद संकट से नाराज किसान

प्रशासन का दावा – जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है खाद, इसके बाद भी किसानों का प्रदर्शन

बुद्धप्रकाश बौद्ध , मूकनायक

भिंड, 27 अगस्त/ मूकनायक । भिंड में खाद संकट गहराने से नाराज किसान कलेक्टर बंगले के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। किसानों का साथ देते हुए भिंड से बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह भी बुधवार को कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के निवास के बाहर धरने पर बैठ गए। विधायक ने प्रशासन पर अनदेखी और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।

कलेक्टर ने किसानों से मिलने से किया इंकार

सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने बाहर आकर किसानों और विधायक से मिलने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर विधायक किसानों के साथ नारेबाजी करते हुए धरने पर डटे रहे। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन विधायक अपने रुख पर कायम रहे।

किसानों की व्यथा – “रात 12 बजे से लाइन में लगते हैं, फिर भी नहीं मिलता खाद”धरना दे रहे किसानों ने बताया कि वे रात 12 बजे से सहकारी समितियों के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन मुश्किल से एक या दो बोरी खाद ही मिल पा रही है। खुले बाजार में महंगे दामों पर खाद आसानी से उपलब्ध होने से किसानों ने कालाबाजारी का आरोप लगाया।

विधायक बोले – “प्रशासन मूकदर्शक, व्यवस्था नहीं सुधरी तो और उग्र होगा आंदोलन”

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि किसान बेहाल हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। खाद का वितरण सही तरीके से नहीं हो रहा। यदि व्यवस्था तुरंत नहीं सुधरी तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा।-

मंत्री से बातचीत के बाद खत्म हुआ धरना

काफी समय तक चले इस धरने के बाद विधायक ने प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल से फोन पर बातचीत की। आश्वासन मिलने के बाद कुशवाह ने धरना समाप्त किया। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराएंगे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments