बुद्धप्रकाश बौद्ध पत्रकार, जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड मप्र
दबोह (भिंड) , 21 अगस्त 2025/ मूकनायक । दबोह कस्बे में गुरुवार दोपहर को पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक के साथ पुलिस जवान द्वारा की गई मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक बाहरी युवक कॉलोनी के पास पेशाब कर रहा था, इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान ने उसे रोकने के बजाय गाली- गलौज करते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
यही नहीं जब युवक पिटते हुए सड़क पर पहुंच गया तब भी उसे बीच बाजार में दौड़ा- दौड़ाकर पीटा गया। स्थानीय लोगों ने इस घटना को गलत बताते हुए कहा कि कस्बे में सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था न होने के कारण इस तरह की स्थिति बनती है। युवक का कहना है कि मैं उस जवान का नाम तो नहीं जानता पर सामने आने पर उसको पहचान लूंगा। युवक ने बताया कि उक्त पुलिस जवान कोम्बेट वर्दी में था। और उसने मुझे समझाया नहीं बल्कि मेरे ऊपर डंडे से हमला कर दिया।
हाथ पर आई हुई चोट दिखाता हुआ युवक

स्थानीय लोगों ने मारपीट की घटना को गलत बताया
प्रत्यक्षदर्शियों एवं घटना की जानकारी लगते ही बाजार में मौजूद अन्य लोगों का कहना है कि पुलिस जवान को समझाइश देनी चाहिए थी, न कि हाथ उठाना चाहिए था। मारपीट के शिकार युवक ने बताया कि वह इस घटना को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाएगा और साथ ही उक्त पुलिस जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज भी करवाएगा । गौरतलब है कि दबोह कस्बे में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालयों की कमी बनी हुई है। नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते आमजन को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे आए दिन विवाद की स्थितियां उत्पन्न होती रहती हैं।
अस्पताल में डॉक्टर नदारद, युवक मायूस लौटा
युवक इलाज करवाने हेतु नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टर के अनुपस्थित पाए जाने पर वह उदास होकर वापस लौट गया।
युवक के हाथ की नस फूली एवं खून बहने लगा
पत्रकारों को जानकारी देते हुए युवक ने हाथ और कमर के नीचे आए चोटों के निशान भी दिखाए। युवक की हाथ की नस फूल गई थी और खून बह रहा था। युवक ने कहा कि वह उक्त जवान के विरुद्ध वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करेगा तथा साथ ही उस जवान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाएगा।
अब सवाल उठता है कि कस्बे में न तो शौचालय की सुविधा है और न ही अस्पताल में डॉक्टर ! आखिर जनता जाए तो जाए कहाँ ? प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से लोग गुस्से में हैं ।

