दबोह (भिंड), 21 अगस्त 2025/मूकनायक । नगर परिषद दबोह में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरटीआई कार्यकर्ता एवं पत्रकार बुद्धप्रकाश बौद्ध ने नगर परिषद के नवागत मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अतुल रावत को गुरुवार को एक लिखित चेतावनी पत्र जारी किया है। पत्रकार बौद्ध ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि नगर परिषद क्षेत्र में आमजनता को मिलने वाली सुविधाओं — जैसे स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ — समय पर एवं नियमानुसार उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन यदि इसमें लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो इसे जनता के साथ गंभीर अन्याय माना जाएगा। पत्र में यह भी उल्लेख है कि अधिकारी /कर्मचारी यदि कार्यालय से अनुपस्थित हों तो उसकी सूचना समय रहते सार्वजनिक की जाए, ताकि नागरिकों का समय बचे और उन्हें सटीक जानकारी मिलती रहे।
पत्रकार बौद्ध ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सीएमओ ने अपने स्तर पर सजगता, पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं बरती, तो उन्हें बाध्य होकर इस संबंध में उच्चाधिकारियों से शिकायत दर्ज करानी होगी और समाचार पत्रों व सोशल मीडिया के माध्यम से मामले को उजागर करना पड़ेगा। इस चेतावनी पत्र पर पत्रकार बौद्ध के हस्ताक्षर के साथ-साथ नगर परिषद का मुहर एवं प्राप्ति हस्ताक्षर भी दर्ज है, जो यह प्रमाणित करता है कि पत्र को विधिवत रूप से मुख्य नगरपालिका अधिकारी तक पहुंचा दिया गया है।
जनता की उम्मीदें
इस पूरे प्रकरण के बाद नगरवासियों में चर्चा है कि आखिर नगर परिषद दबोह में स्वच्छता, पेयजल व अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर कितनी पारदर्शिता बरती जाती है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि पत्रकार की इस पहल से स्थानीय निकाय जिम्मेदार बनेगा और आमजन को राहत मिलेगी।

