Thursday, February 26, 2026
Homeभिंडदबोह के शासकीय सीएम राइज हायर सेकेण्डरी स्कूल में गुंडागर्दी : गुंडों...

दबोह के शासकीय सीएम राइज हायर सेकेण्डरी स्कूल में गुंडागर्दी : गुंडों ने क्लास के बाहर प्राचार्य और स्कूली बच्चों के सामने छात्र के साथ की पिटाई

बुद्धप्रकाश बौद्ध, जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड

मूकनायक , 14 अगस्त/भिंड । दबोह नगर के शासकीय सी एम राइज हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में किसी पुराने विवाद को लेकर स्कूली छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट की यह घटना कल बुधवार दोपहर को हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले विद्यालय के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। उसी के परिणामस्वरूप यह घटना घटित हुई। घटना के पीछे मूल कारण अभी सामने नहीं आया है। बताया गया है कि एक स्कूली छात्र को पहले कुछ सहपाठी पीट रहे थे लेकिन इसके बाद उन लड़कों ने अपने अन्य दोस्तों को स्कूल परिसर में बुला लिया और वे सब मिलकर उस छात्र के साथ गाली गालौच और मारपीट करते रहे। खास बात यह रही की जब स्कूल में यह मारपीट हो रही थी तब स्कूल स्टाफ , शिक्षक और स्कूल के अन्य विद्यार्थी वहां मौजूद होकर इस पूरी घटना को देख रहे थे । इससे स्कूली छात्रों में दहशत का माहौल है। ऐसे में सवाल यह है कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। कोई भी बाहरी लोग स्कूल में घुसकर किसी के साथ मारपीट या अन्य किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे रहे हैं तो फिर स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था कैसी है। इसमें स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है।इस घटना से बच्चों के अभिभावक भी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। उनका कहना है कि जब बच्चे स्कूल के भीतर ही सुरक्षित नहीं है तो उन्हें स्कूल कैसे भेजा जाए।

स्कूल में लगे कैमरे सिर्फ शोपीस

विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे तो लगाए गए हैं लेकिन वे सिर्फ शोपीस बने हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज को स्क्रीन पर दिखाने के लिए लगी हुई टीवी बंद हालत में है। ऐसे में यदि कोई बड़ी घटना सामने आती है तो उसे कैसे ट्रेस किया जाएगा? यह विचारणीय प्रश्न है।

प्राचार्य ने थाने में नहीं दी सूचना

इस मारपीट के मामले में स्कूल के प्राचार्य निराला ने दबोह थाने में भी लिखित आवेदन देकर कोई सूचना नहीं दी है। और पीड़ित छात्र ने भी थाने में कोई आवेदन नहीं दिया है।

प्राचार्य के समझाने पर उनसे गाली गलौच करते हुए अभद्रता की

स्कूली छात्रों ने बताया कि जब स्कूल के प्राचार्य ने मारपीट कर रहे बाहर से आए हुए बदमाशों को समझाने की कोशिश की तो वे लोग प्राचार्य से ही गाली गलौच करते हुए अभद्रता करने लगे।

प्राचार्य जे आर निराला ने बताया कि – स्कूल परिसर में छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर समझाईस दी गई है। यदि आगे से ऐसी किसी घटना की पुनरावृति होती है तो टीसी काटने के साठ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे के बारे में पूछने पर बताया कि कैमरे खराब हो गए हैं, मैकेनिक को बुलाकर सही करवाएंगे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments