कॉलेज की परीक्षा में कलेक्टर के द्वारा छात्र को चांटा मारने का मामला
बुद्धप्रकाश बौद्ध, मूकनायक, जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड
16 जुलाई , मूकनायक, भिंड / भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के द्वारा कॉलेज परीक्षा में एक युवक को चांटा मारने के मामले में मंगलवार को छात्र ने अपना शिकायती आवेदन वापस ले लिया। इसने लिखा कि वह थाने पर आवेदन देने नहीं गया था। घर आकर कुछ लोग कोई कागज पर हस्ताक्षर करा ले गए थे। मालूम हो, कि पंडित दीनदयाल डंगरौलिया कॉलेज में 1 अप्रैल 2025 को कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। यहाँ नकल के संदेह में उन्होंने एक छात्र रोहित राठौर को चांटा मार दिया था। रोहित के पास उसका पेपर नहीं था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज करीब साढ़े तीन माह बाद कुछ दिनों पहले ही वायरल किया गया। गत दिवस छात्र रोहित राठौर की ओर से कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के खिलाफ एफआईआर के लिए आवेदन भेजा गया था। ऐसे में अब रोहित ने मंगलवार को अपना यह आवेदन वापस ले लिया। साथ ही इसने यह भी लिखा कि कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव उसके बड़े भाई समान हैं। और अब वह कोई भी कार्रवाई नहीं चाहता है।

