मूकनायक / बुद्धप्रकाश बौद्ध, जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड
भिण्ड 31 जुलाई 2025/ एसडीएम लहार विजय सिंह यादव एवं तहसीलदार मिहोना अमित दुबे एवं तहसीलदार लहार दीपक शुक्ला के द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। इसी क्रम में एसडीएम लहार ने ग्राम लोहचरा पहुंचकर पुलिया पर लगभग 6 फीट से अधिक पानी होने पर बैरिकेडिंग करवाकर रास्ते को बंद करते हुए कोटवारों को नियुक्त किया है।
तहसीलदार ने बाढ़ प्रभावितों लोगों को कराया सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लिलवारी में नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत तहसीलदार लहार दीपक शुक्ला ने 280 लोगों को उनके रिश्तेदारों के यहां एवं लगभग 100 लोगों को ग्राम गिरवासा में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन में ठहरने की व्यवस्था की एवं भोजन पैकेटों का वितरण करवाया गया। इसी प्रकार तहसीलदार रौन श्रीनिवास शर्मा के द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम इंदुरखी से 10 परिवारों को, ग्राम निबसाई में 09 परिवारों को, ग्राम पडोरा में चार परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया। एसडीएम लहार विजय सिंह यादव ने अपील कर कहा है कि सभी नागरिक सुरक्षित अपने घरों में रहें। नदी के किनारों पर एवं जल भराव जैसे स्थानों पर ना जाएं।
बचाव के लिए एनडीआरएफ की एक टीम लहार में तैनात
एसडीएम लहार विजय यादव ने बताया कि प्रशासन स्तर से नागरिक सुरक्षा को लेकर पूरी मुस्तेदी है । एनडीईआरएफ की टीम लहार में तैनात कर दी गई है। किसी भी प्रकार के रेस्क्यू के लिए हमारा प्रयास रहेगा कि तुरंत नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाए एवं नागरिकों से भी अपेक्षा की गई है कि वह प्रशासन का सहयोग करें। बाढ़ संबंधी किसी भी समस्या के लिए लहार आपदा कंट्रोल रूम नंबर 8602417574 एवं जिला आपदा कंट्रोल रूम नंबर 9244336334, 8450009249 पर संपर्क कर सकते हैं।

