मूकनायक/राजस्थान/जिला ब्यूरो चीफ सांचौर/रिडमल राम परमार
चितलवाना – डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) की ब्लॉक चितलवाना कार्यकारिणी का गठन मंगलवार को पंचायत समिति चितलवाना के अंबेडकर सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजाक जिला सांचौर के अध्यक्ष आसुलाल गोयल ने की। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित करते हुए सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से रामचंद्र पारेगी और मांगीलाल भरनावा को संरक्षक, पूंजाराम गोयल को अध्यक्ष, पप्पाराम सेजु को महासचिव, गणपत राम परमार को कोषाध्यक्ष एवं नरेश चंद्र नालिया को उपाध्यक्ष चुना गया। जिला अध्यक्ष आसुलाल गोयल ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। उन्हें साफा और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष पूंजाराम गोयल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान को नमन करते हुए अपने अध्यक्षीय दायित्वों के निर्वहन का भरोसा दिलाया। उन्होंने अनुसूचित जाति के अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
बैठक में ब्लॉक चितलवाना में अनुसूचित जाति के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बेहतर वातावरण बनाने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही, आगामी बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार कर और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समाज के कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे, जिनमें बाबूलाल पारेगी (रेवेन्यू इंस्पेक्टर), नरेंद्र भरनावा, कानाराम परिहार, मूंगाराम विरोल, लालाराम मेलावास, रतनलाल डावल, प्रकाश चंद्र सोलंकी (सांचौर) शामिल थे। जनप्रतिनिधियों के रूप में पन्नालाल (सरपंच प्रतिनिधि, रामपुरा) और रमेश कुमार (सरपंच प्रतिनिधि, होतीगांव) ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इसके अलावा लच्छाराम और भीखाराम डांगी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए संगठन के उद्देश्यों और डॉ. अंबेडकर के विचारों को समाज में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

