मूकनायक राजस्थान अजमेर कालू राम बैरवा
# स्पेशल टीम व पुष्कर पुलिस ने चलाया साझा ऑपरेशन ~ 3500 सीसीटीवी कैमरों सहित 1000 होटल धर्मशालाओं की जांच के बाद गिरफ्त में आए पांचों आरोपी •••|
अजमेर एस पी वंदिता राणा के नेतृत्व में स्पेशल सेल पुलिस और पुष्कर पुलिस के दल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसकी चर्चा आज ना सिर्फ पूरे राजस्थान में है बल्कि इस कारनामे से राजस्थान पुलिस का इकबाल और ज्यादा बुलंद हुआ है । पुलिस की इस टीम ने मात्र 11 दिनों के भीतर ही हजारों लोगों की भीड़ और धक्का मुक्की के बीच एडिशनल एसपी के गनमैन की चोरी की गई सरकारी पिस्टल सहित 10 कारतूस बरामद किए बल्कि उत्तरप्रदेश में छुपे बैठे दो महिलाओं सहित पांचों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया । वाकई यह छोटी बात नहीं है । पुलिस टीम के द्वारा किए गए इस शानदार काम की जितनी तारीफ की जाए कम है क्यों की यह मामला अंधेरे में तीर चलाकर आरोपियों के शिकार करने जैसा था । जिसे पुलिस ने बड़ी ही सूझबूझ से अंजाम दिया ।
मैने बचपन में सुना था कि पुलिस चाहे तो पाताल में छुपे हुए अपराधी को भी खोज निकालती है । आज अजमेर पुलिस ने एक बार फिर वह बात सिद्ध कर दी ।इसके लिए पुलिस ने राजस्थान, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, पंजाब व हरियाणा जैसे बड़े राज्यों में जाकर 3500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों और 1000 से ज्यादा होटल गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया । मात्र 11 दिनों के दौरान इतने राज्यों में जाकर इतनी जगह सर्च ऑपरेशन चलाना मामूली बात नहीं है । मुखबिर से मिली एक हल्की सी जानकारी के बाद जब पुलिस ने उसकी तह तक जाकर पड़ताल की तो एक के बाद एक सारी गुत्थी सुलझती गई और आखिरकार पुलिस ने उत्तरप्रदेश के शामली से दो महिलाओं प्रिया एवं ज्ञानवती सहित सन्नी शर्मा , ऋषि चौधरी एवं रणजीत नाम के तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया । इसके पश्चात पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके पुष्कर लाई जहां सभी आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुष्कर से ही चोरी की हुई सरकारी पिस्टल सहित सभी जिंदा 10 कारतूस बरामद कर लिए ।
# बॉलीवुड सेलिब्रिटी कैलाश खैर के लाइव कंसर्ट के दौरान 14 नवंबर को चोरी हुई थी पिस्टल •••
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एडिशनल एस पी सतर्कता अजमेर के गनमैन की यह पिस्टल उस वक्त चोरी हुई थी जब पुष्कर मेले के दौरान मेला मैदान पर बॉलीवुड सेलिब्रिटी कैलाश खैर का लाइव परफॉर्मेंस चल रहा था । उस वक्त कार्यक्रम में अंदर जाने वालों एवं पुलिस के जवानों के बीच भारी मशक्कत धक्का मुक्की चल रही थी । उसी मौके का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने गनमैन की कमर पर बंधी पिस्टल चोरी कर ली और पुष्कर में ही छुपाकर यहां से फरार हो गए । लेकिन मेले के दौरान जेबतराशी की वारदातों को अंजाम देने आए यह आरोपी अजमेर पुलिस की नजरों से बच नहीं पाए और आखिरकार गिरफ्तार होकर सलाखों के पीछे पहुंच ही गए ।
# पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुकी इस घटना को सुलझाने में इन्होंने निभाई बड़ी भूमिका •••
सरकारी पिस्टल चोरी होने के बाद अजमेर पुलिस के लिए यह घटना प्रतिष्ठा का सवाल बन चुकी थी । एसपी वंदिता राणा ने आरोपियों के इस चैलेंज को ना सिर्फ स्वीकार किया बल्कि अपने जाबांज जवानों के दम पर उन्हें उनकी असली जगह भी पहुंचाया । इस मामले को सुलझाने में स्पेशल टीम के शंकर सिंह रावत , सुरेश चौधरी , संतराम मीणा की सबसे खास भूमिका रही तो वही पुष्कर थाना प्रभारी घनश्याम सिंह की अगुवाई में एएसआई छीतरलाल , प्रदीप , जितेंद्र चौयाल , सुनीता रावत , स्पेशल टीम के दुर्गेश सिंह , सीताराम , गजेंद्र मीणा , आजाद सिंह , मुकेश टांडी एवं सुशीला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अजमेर पुलिस की साख को चार चांद लगा दिए ।

