मूकनायक/राजस्थान/भरतपुर/रिपोर्टर राकेश कोठेनियां हलैना
भरतपुर – डीग कोतवाली थाना क्षेत्र में डीग भरतपुर रोड पर लोक परिवहन बस ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो युवक गंभीर घायल हो गए, जिन्हें भरतपुर रेफर किया है। डीग कोतवाली के एएसआई राजवीर सिंह ने बताया- घटना की जानकारी मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। बाइक सवार शंकर (23), निवासी बदनगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुलशन (15) और नेहनू (28) घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डीग अस्पताल से भरतपुर रेफर कर दिया गया। तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे। ये खेती-किसानी का काम करते हैं। मृतक शंकर की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसका दो साल का बेटा है। मृतक शंकर खेती का काम करता था। मृतक के परिवार में 5 भाई-बहन है, जिनमें वह सबसे छोटा था। एएसआई राजवीर ने बताया कि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है, बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

