मूकनायक/राजस्थान/भरतपुर/राकेश कोठेनियां हलैना
भरतपुर…. भुसावर की ग्राम पंचायत नारौली के गांव खोहरा में आतंक का पर्याय बने पागल आवारा सांड को आखिरकार जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद रविवार को वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर लिया। आवारा सांड के पकड़े जाने से गांववालों ने राहत की सांस ली है। ज्ञात रहे कि शनिवार को इस पागल सांड ने कृषि कार्य कर रहे गोवर्धन जाटव पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया और सांड के आतंक से निपटने के लिए ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कलेक्टर ने उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए। शनिवार को खेड़ली मोड़ थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन रात होने के कारण सांड पर काबू नहीं पाया जा सका। रविवार को वन विभाग की टीम, जिसमें घना पक्षी विहार भरतपुर और खेड़ली मोड़ वन विभाग के कर्मचारी शामिल थे, उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद सांड को काबू में लिया गया और सुरक्षित गांव से दूर ले जाया गया।

