मूकनायक
राजस्थान/भुसावर
(राजवीर सिंह)
उपखंड स्तर पर ग्राम पंचायत के लोगों की सुविधा एवं उनके कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए राज्य सरकार ने अधिकारी एवं कर्मचारी लगा रखे है। फिर भी ग्रामीण आमजन के समय पर कार्य नहीं हो पा रहे है। ऐसा ही नजारा गुरुवार को पंचायत समिति भुसावर के कार्यालय में देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार भुसावर पंचायत समिति कार्यालय में गुरुवार को अलग अलग गांवों के पंद्रह बीस लोग अपनी पेंशन, जनाधार कार्ड एवं खाद्य सुरक्षा आदि कामों के वास्ते गए थे। भुसावर पंचायत समिति के विकास अधिकारी गिर्राज प्रसाद बुनकर किसी वीसी कार्य के चलते वैर मीटिंग में गए हुए थे। अलग अलग गांवों के लोग अपने अपने कार्यों को लेकर तीन घंटे से इधर उधर चक्कर काट रहे थे, क्योंकि उनके कार्य विकास अधिकारी के ओटीपी बगैर नहीं हो पा रहे थे। अकेले एक विकास अधिकारी की उदासीनता के चलते आमजन को अपने कार्यों के लिए भटकना पड़ता है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी अपने कार्य के प्रति लापरवाह नजर आ रहे है। ग्रामीणों द्वारा तीन घंटे परेशान होने से सभी ने विकास अधिकारी की कार्य शैली के प्रति विरोध जताया। ग्रामीणों द्वारा प्रधान सुफेदी देवी के पुत्र रामखिलाडी जाटव को उक्त समस्या से अवगत कराया, लेकिन फिर भी उनके कार्य समय पर नहीं हुए। अधिकतर कार्यालयों में अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह नहीं है। सरकार को बदले हुए नौ महीने हो गए, फिर भी अधिकारी एवं कर्मचारी पुराने ढर्रे पर ही चल रहे है। अंत में सभी गांवों के ग्रामीणों को थक हारकर अपने अपने घरों को वापस लौटना पड़ा। भाजपा ग्रामीण मण्डल भुसावर के सोशल मीडिया संयोजक बबलू चौधरी ने वैर विधायक बहादुर सिंह कोली को भुसावर विकास अधिकारी गिर्राज प्रसाद बुनकर की कार्य शैली से अवगत करा दिया है।

