मूकनायक
अजय पाल
राजस्थान/ हिंडौन सिटी /गंगापुर सिटी
जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा की पूर्व तैयारियों एवं सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गई| बैठक में जिला कलक्टर ने बजट-घोषणा, सड़क, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारी, संपर्क पोर्टल, ई-फाइलिंग निस्तारण समय आदि की जिले में प्रगति की समीक्षा की| साथ ही आगामी दिनों में राज्य सरकार के निर्देशानुसार शुरू किये जाने वाले स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की पूर्व तैयारियों के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए|
जिला कलक्टर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा एवं 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जायेगा| जिसके तहत् जिले में स्वच्छता अभियान से सम्बंधित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी| जिनमें समस्त विभागों की भागीदारी अनिवार्य है| सभी को बढ़चढ़ कर भाग लेना है| स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मुख्यतः तीन चरण में आयोजित किया जायेगा| प्रथम चरण में स्वच्छता की भागीदारी, द्वितीय में सम्पूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम एवं तृतीय चरण में सफाई-मित्र सुरक्षा शिविर से सम्बंधित गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी| उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में स्वच्छता की भागीदारी कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, समुदायों, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थायों को स्वच्छता से सम्बंधित प्रतिज्ञा, प्रतियोगिता, वॉकथॉन, वृक्षारोपण आदि गतिविधियों के माध्यम से जागरूक कर प्रदुषण रहित साफ़-स्वच्छ वातावरण निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है| इस दौरान स्वच्छ स्ट्रीट फूड प्रतिस्पर्धा, अपशिष्ट कचरे से कला, रीसाइकल उत्पादों की बिक्री, स्वच्छ भारत सांस्कृतिक उत्सव आदि का आयोजन किया जा सकेगा| आयोजनों में अभियान के उद्देश्य को आगे बढाने हेतु स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक प्रसारित करने के लिए प्रभावशाली व्यक्तियों और ब्रांड एंबेसडरों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा सकेगी| वहीं द्वितीय चरण में संपूर्ण स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत जल निकायों, सड़कों, रेलवे स्टेशनों, कचरा डंप, नालों आदि जैसी सामुदायिक स्थानों को जागरूक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता लक्षित इकाई मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा| तीसरे चरण में सफाई-मित्र सुरक्षा शिविर के तहत् सफाई-मित्रों के प्रिवेंटिव हेल्थ-चेकअप, उपचार एवं उन्हें राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु एकल खिड़की स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर आयोजित किये जायेंगे|

