मूकनायक :-ओमप्रकाश वर्मा
राजस्थान/ हिंडौन सिटी/सूरौठ
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे महिलाओं की तलाश में जुटी पुलिस
कस्बा सूरौठ के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े सर्राफा व्यवसायी रामू सोनी की दुकान से हूई साढ़े सोलह लाख रुपए की कीमत के सोने के जेवरातों की चोरी के मामले में गुरुवार को एफ एस एल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच के लिए नमूने एकत्रित किए। सूरौठ थाना पुलिस ने जेवरातों से भरे डिब्बे को चुराने वाली महिलाओं की तलाश हेतु कस्बे के बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले एवं सर्राफा दुकान का मौका मुआयना किया। एफ एस एल टीम एवं पुलिस ने पीड़ित सर्राफा व्यवसायी रामू सोनी से बातचीत कर वारदात के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
एफ एस एल टीम ने पीड़ित सर्राफा व्यवसायी रामू सोनी की दुकान का अवलोकन किया तथा नमूने एकत्रित किए। सूरौठ थाना प्रभारी सुमन कुमार चौधरी एवं पुलिस कर्मियों ने कस्बे में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखें। पुलिस ने सर्राफा दुकान पर पहुंच कर मौका नक्शा तैयार किया। सीसीटीवी कैमरों में पाया गया है कि सर्राफा व्यवसायी रामू सोनी की दुकान से सोने के आभूषणों से भरे डिब्बे को चुराने के बाद चारों महिलाएं बाजार में पहले से खड़े दो व्यक्तियों की मोटरसाइकिलों पर बैठकर वहां से निकल गई। सीसीटीवी कैमरों से पता चला है कि चारों महिलाएं एवं दोनों मोटरसाइकिल चालक मरघट तिराहे एवं सब्जी मंडी के रास्ते से होते हुए भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर पहुचे तथा हिंडौन की ओर गए हैं। पुलिस ने कई संदिग्ध स्थानों पर महिलाओं की तलाश भी की है।
पीड़ित सर्राफा व्यवसायी रामू सोनी ने बताया कि बुधवार को सुबह 11:30 बजे करीब चार महिलाएं उसकी दुकान पर आई तथा आभूषण खरीदने लगी। एक महिला ने चांदी का कड़ा खरीदा तथा दूसरी महिला ने एक जोड़ी चांदी की चुटकी खरीदी। उनमें से एक महिला ने चांदी की बाली भी खरीदी। इसके पश्चात महिला ने सर्राफा व्यवसाई से बाली को नाक में पहनाने की बात कहीं। सर्राफा व्यवसाई रामू सोनी महिला को नाक में बाली पहनाने में बिजी हो गया इतने में ही महिलाओं ने दुकान पर रखे सोने के आभूषणों से भरे डिब्बे को चुरा लिया। 10 मिनट में ही महिलाएं दुकान से चली गई। सर्राफा दुकानदार सोनी ने बताया कि डिब्बे में सोने की चैन, पेंडल, नाक की बाली, कुंडल सहित करीब 225 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे।

