मूकनायक, जिला ब्यूरो चीफ भिंड; बुद्धप्रकाश बौद्ध
*आचार संहिता प्रभावी होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी कर रहे अनदेखी*
*संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत नहीं हो रही कार्यवाही*
*दबोह*: दबोह क्षेत्र में चुनावी आचार संहिता का असर दिखाई नहीं दे रहा है। आचार संहिता के इतना समय गुजरने के बाद भी बिजली के खम्बों जैसे सरकारी संपत्ति पर स्कूल- कॉलेज आदि के कट-आउट और होर्डिंग्स लगे हुए देखे जा सकते हैं।
*संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत हो सकती है एफआईआर*
गौरतलब है कि आचार संहिता प्रभावी होने पर सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार के बैनर, कट-आउट , होर्डिंग्स आदि नहीं लगाए जा सकते । ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था पर एफआईआर दर्ज हो सकती है। इसके बाद भी दबोह में स्थानीय प्रशासन आँखें मूंदें हुए है। जबकि जिले में अन्य स्थानों पर संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्यवाहियाँ लगातार हो रही हैं। लेकिन दबोह बाजार में लगे हुए बिजली के खम्बों और कुछ सरकारी दीवारों पर पर्चे आदि चिपके हुए हैं। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
*ये कर रहे उल्लंघन*
चुनावी आचार संहिता के तहत संपत्ति विरूपण अधिनियम का उल्लंघन करने वालों में परशुराम द्विवेदी पीजी कॉलेज जालौन, किड्स केयर सेंट्रल स्कूल दबोह, जिया टेलेंट स्कूल दबोह, स्नेहा मानव समाज सेवा समिति के सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के पर्चे सहित अन्य कई जगहों पर होर्डिंग – बैनर लगे हुए देखे जा सकते हैं।
*इनका कहना है*:-
अगर बिजली के खम्बों और अन्य जगह संपत्ति विरूपण हो रहा है। तो मैं सीएमओ से बोलता हूँ। उनको हटवाने की कार्यवाही की जाएगी।
– रमाशंकर शर्मा
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट
दबोह- आलमपुर

