Friday, November 20, 2026

डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के स्थानांतरण और दिशा परिवर्तन का सामाजिक संगठनों ने किया विरोध

////23 नवंबर को कलेक्टर एवं भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन को सौंपेंगे ज्ञापन///

मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
भिलाई छत्तीसगढ़

भिलाई टाउनशिप स्थित डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के पेडेस्टल से स्थानांतरण एवं उसकी दिशा में परिवर्तन किए जाने के प्रस्ताव को लेकर भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आंबेडकर अनुयायियों ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में 19 नवंबर 2026 को आयोजित संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिमा के स्थानांतरण एवं दिशा परिवर्तन का विरोध करते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में उपस्थित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि भिलाई टाउनशिप में डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए पूर्व में भिलाई-दुर्ग के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा आंबेडकर अनुयायियों द्वारा व्यापक जनआंदोलन किया गया था। इसके परिणामस्वरूप भिलाई इस्पात संयंत्र के एससी/एसटी इम्प्लाइज एसोसिएशन एवं संयंत्र प्रबंधन के सहयोग और सहमति से प्रतिमा की स्थापना की गई थी। यह प्रतिमा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान निर्माता बाबा साहेब के विचारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
वक्ताओं ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण का कार्य 14 अप्रैल 2024 को प्रारंभ किया गया था। लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा प्रबंधन को कथित रूप से गुमराह कर प्रतिमा को उसके मूल पेडेस्टल से स्थानांतरित करने एवं उसकी दिशा बदलने की कार्रवाई किए जाने से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा को उसके मूल स्थान एवं मूल दिशा में ही यथावत रखा जाए तथा स्थानांतरण एवं दिशा परिवर्तन से संबंधित किसी भी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
इस निर्णय के तहत 23 नवंबर 2026, सोमवार को दोपहर 1 बजे भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा आंबेडकर अनुयायी एकत्रित होकर जिला कलेक्टर, दुर्ग एवं मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं), भिलाई इस्पात संयंत्र, छत्तीसगढ़ को ज्ञापन सौंपेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से डिबु डिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय ट्रस्टी सदस्य एस.आर. कांडे, समता सैनिक दल छत्तीसगढ़ प्रमुख आनंद रामटेके, भीम आर्मी एकता मिशन जिला दुर्ग के राहुल बोरकर, महाबोधि मुक्ति आंदोलन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष अल्का बौद्ध, सीमा मेश्राम, महामानव मल्टीपर्पस संस्था भिलाई के अध्यक्ष आशीष चौहान, बौद्ध विहार हुडको के अध्यक्ष सेलेन्द्र भगत, चंद्रमणि बुद्ध विहार निर्माण समिति कृष्णा नगर के कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश रामटेके, एस.आर. बौद्ध, भीम आर्मी सचिव निशाना कुमार, भीम आर्मी प्रतिनिधि साहण चौधरी एवं शाक्य आदवित सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उक्त जानकारी समता सैनिक दल छत्तीसगढ़ के प्रमुख आनंद रामटेके ने दी।
सामाजिक संगठनों की मांग है कि बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के मूल स्थान और दिशा को यथावत रखते हुए उनके सम्मान एवं सामाजिक भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।

Previous article
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments