मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। सल्टौआ गोपालपुर विकासखंड के अमरौली शुमाली के टोला मधुबन में अनुमति से अधिक पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब 10 पेड़ काटने की अनुमति थी, जबकि मौके पर लगभग 50 पेड़ काटे जा चुके हैं। मामले की जानकारी शिकायतकर्ता पवन कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम कटे पेड़ों की संख्या, अनुमति पत्र और कटान से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पेड़ों की वास्तविक संख्या और कटान वैध है या नहीं, यह जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
मामले की जानकारी लेने के लिए लकड़ी कटान से जुड़े बताए जा रहे व्यक्ति से बातचीत की गई तो उसने ठेकेदार होने से इनकार करते हुए कहा, “मैं कोई ठेकेदार नहीं हूं और न ही मैं इसके बारे में कुछ जानता हूं।”
वन विभाग के अधिकारी के अनुसार, जांच में यदि अनुमति से अधिक या नियमों के विरुद्ध कटान की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पेड़ों की कटान पर रोक लगाने और सख्त निगरानी की मांग की है।
स्पष्टीकरण: यह खबर स्थानीय लोगों एवं शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों तथा संबंधित वन विभाग के अधिकारी के बयानों के आधार पर तैयार की गई है। इसमें संस्था या पत्रकार की ओर से कोई निजी राय, निष्कर्ष अथवा आरोप नहीं जोड़ा गया है। मामले की वास्तविक स्थिति वन विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

