मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
करौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत करौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की 64 टीमों ने जिलेभर में 494 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर विभिन्न मामलों में वांछित 114 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 3 जघन्य मामलों में वांछित अपराधी, 4 स्थाई वारंटी और 15 गिरफ्तारी वारंटी सहित अन्य मामलों में वांछित आरोपियों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 5.40 ग्राम अवैध स्मैक, 330 ग्राम गांजा, एक अवैध देशी कट्टा व जिंदा कारतूस, करीब 6 टन पत्थर तथा 392 पव्वे देशी शराब बरामद किए।
नादौती में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत नादौती थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर समयलाल मीणा (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1 लाख रुपये कीमत की 5.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की।
पुलिस के इस व्यापक अभियान में एक साथ बड़ी संख्या में टीमों द्वारा कार्रवाई किए जाने से जिले में वांछित एवं संदिग्ध अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।

