मूकनायक ओमप्रकाश वर्मा
हिंडौन सिटी (राजस्थान)
हिंडौन सिटी में गत 26 जुलाई 2023 को करौली रोड बाईपास पर शाह कॉलोनी के पास स्थित हनुमानजी मंदिर के सामने घर से ड्यूटी पर जा रहे हरीश वाल्मीकि (सफाई कर्मचारी- नगर परिषद,हिंडौन) का एक्सीडेंट हो गया। जिसे घायल अवस्था में देखकर वहां से गुजर रहे हिंडौन सिटी के नवनियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश बेरवा ने अपनी गाड़ी से हिण्डौन के अस्पताल पहुंचाया और घायल सफाई कर्मचारी को हिम्मत दिलाई तथा नाक से बह रहे खून को अपने रुमाल से दबाकर रोका।
दरअसल हरीश बाल्मिक मोटरसाइकिल से नगर परिषद के कचरा डिपो पर ड्यूटी करने जा रहा था। इसी बीच बाईपास पर अचानक सामने आई भैंस को बचाने के दौरान मोटरसाइकिल स्लिप होने से एक्सीडेंट हो गया, जिसमें हरीश वाल्मीकि के दोनों हाथों की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया तथा रोड पर गिरने से जगह-जगह चोट लगने से घायल होकर रोड पर ही तडप रहा था। सिर में धमक लगने से नाक से खून बह रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश बेरवा ने इंसानियत का परिचय देते हुए सफाई कर्मी को अपने गार्ड की मदद से गाड़ी में अपने पास बिठाया और अपने रुमाल से घायल के बहते हुए खून को रोका तथा उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
आज एक माह गुजर जाने के बाद जब हरीश वाल्मीकि का प्लास्टर हटाया गया तो उसने फरिश्ता बनकर मदद करने वाले पुलिस अधिकारी श्री राकेश बेरवा का शुक्रिया अदा करते हुए हमें (नफ़ीस अहमद) पूरी स्टोरी सुनाई।

