24 सितंबर को तय होगा सरपंच और वार्ड पंच पदों का आरक्षण
मूकनायक/ पवन बंशीवाल /करौली/ राजस्थान
हिंडौन। राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर लंबे समय से चल रहा आरक्षण का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य स्तर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर 2026 को उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।
हिंडौन क्षेत्र में आरक्षण लॉटरी का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंडौन पंचायत समिति की लॉटरी सुबह 10 बजे सभागार में आयोजित होगी। वहीं श्रीमहावीरजी में दोपहर 1 बजे तथा शेरपुर-सूरौठ में शाम 3 बजे आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी।
📌 इन पदों की खुलेगी तस्वीर
सरपंच पदों का आरक्षण
वार्ड पंच पदों का आरक्षण
विभिन्न पंचायतों में आरक्षित वर्ग एवं महिला आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होगी।
बताया गया है कि एसडीएम महेश चंद्र मान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश में राजनीतिक दलों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से आरक्षण लॉटरी के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।
राज्यभर में 23 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण की प्रक्रिया तथा 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंचों की आरक्षण लॉटरी निर्धारित है।
24 सितंबर के बाद हिंडौन क्षेत्र की पंचायतों में कौन सा पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होगा, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों में भी तेजी आने की संभावना है।

