Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedतखतपुर-बरेला मार्ग की शीघ्र मरम्मत के निर्देश, सड़क सुरक्षा को लेकर केंद्रीय...

तखतपुर-बरेला मार्ग की शीघ्र मरम्मत के निर्देश, सड़क सुरक्षा को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सख्त

ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में तखतपुर-बरेला मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने और उसे आवागमन के लिए बेहतर बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए खराब सड़कों की मरम्मत में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम

तोखन साहू ने जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक और अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

केंद्रीय राज्यमंत्री ने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी प्रभावी रूप से करने के निर्देश दिए गए।

दूरस्थ क्षेत्रों में कैंप लगाकर बनाए जाएं ड्राइविंग लाइसेंस

ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तोखन साहू ने कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाने पर भी जोर दिया। स्कूलों, ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने की आवश्यकता बताई।

कागजों तक सीमित न रहे सड़क सुरक्षा अभियान

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके ठोस परिणाम मैदानी स्तर पर दिखाई देने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी, जंक्शन सुधार और राहत योजना की समीक्षा

बैठक में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, जंक्शन सुधार, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों तथा प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। तोखन साहू ने पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश

तोखन साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है और जिले में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का वातावरण तैयार किया जा सकता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments