

जिला आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी की मौजूदगी में कराया गया राशन वितरण, प्रभावित गांवों में प्रशासन की विशेष निगरानी
संवाददाता सत्यशील गोंडाने बालाघाट
बालाघाट। बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित बैगा जनजाति बहुल ग्रामों में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को जिला आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी ग्राम बोंदारी पहुंचे और पात्र बैगा परिवारों को एकमुश्त दो माह का खाद्यान्न वितरित कराया।
खाद्यान्न वितरण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पात्र परिवारों को राशन उपलब्ध कराया। प्रशासन की इस पहल से बीमारी एवं विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे बैगा परिवारों को तत्काल राहत मिली है।
जिला आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अगस्त माह में पात्र परिवारों को एकमुश्त दो माह का खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना है। इसी व्यवस्था के तहत प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्राम बोंदारी के साथ ही कोरका, कुंडेकसा, गठिया, घुम्मुर, धर्मशाला और मछुरदा सहित अन्य प्रभावित ग्रामों में भी पात्र बैगा परिवारों को एकमुश्त दो माह का राशन वितरित कराया जाएगा। प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में खाद्यान्न के साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समय पर सहायता पहुंचाने पर प्रशासन का जोर
बीमारी से प्रभावित बैगा बहुल ग्रामों में प्रशासन की सक्रियता से जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दो माह का खाद्यान्न एकमुश्त मिलने से परिवारों को तत्काल राहत मिलने के साथ आगामी समय में खाद्यान्न की चिंता भी कम होगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

