Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedगणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता...

गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण, पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने दिया एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश

बिलासपुर। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और उद्यानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला, जीनत विहार फेस-1, अन्नपूर्णा कॉलोनी सामुदायिक परिसर, सेक्टर-4 के दोनों बाल उद्यान, सेक्टर-2, सतनाम गुरुद्वारा तथा नयापारा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही और राष्ट्रगान तथा देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को सादर नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत महापुरुषों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों और राष्ट्रप्रेम की भावना को सदैव स्मरण रखना हम सभी का दायित्व है।

पार्षद ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करना ही राष्ट्र को सशक्त बनाने का मार्ग है। जब समाज एकजुट होकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखता है, तब देश की एकता और अखंडता और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने वार्डवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत तभी साकार होगा, जब हम सभी मिलकर देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को निरंतर मजबूत करते रहेंगे।

विभिन्न स्थानों पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में वार्डवासियों में विशेष उत्साह और देशभक्ति की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments