मूकनायक/ संवाददाता पवन बंशीवाल
करौली/राजस्थान
करौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करौली के मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान ध्वजारोहण करते समय तिरंगा अचानक नीचे गिर गया। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ध्वजारोहण कर रहे थे, इसी दौरान डोरी खींचने पर तिरंगा रस्सी सहित पोल से नीचे आ गिरा।
अचानक हुई इस घटना से समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और असहज स्थिति बन गई। बताया गया कि तिरंगे की गांठ नहीं खुली थी और डोरी खींचने के दौरान जोर पड़ने से तिरंगा नीचे गिर गया।
घटना के बाद पुलिसकर्मी को पोल पर चढ़ाकर डोरी को व्यवस्थित किया गया। इसके बाद तिरंगे को दोबारा ऊपर चढ़ाकर ध्वजारोहण की प्रक्रिया पूरी की गई और कार्यक्रम आगे जारी रहा।
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हुई इस घटना ने ध्वजारोहण से पहले व्यवस्थाओं की जांच और तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

