

स्वतंत्रता दिवस की संध्या आरपीएफ की शानदार प्रस्तुति ने यात्रियों और नागरिकों में जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा
बिलासपुर, 16 अगस्त। ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा स्वतंत्रता दिवस की संध्या रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने स्थित डोम परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ब्रास बैंड टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
सायं 6.45 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित इस विशेष बैंड डिस्प्ले में आरपीएफ बैंड टीम ने देशभक्ति से ओत-प्रोत लोकप्रिय गीतों एवं मधुर राष्ट्रभक्ति धुनों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति दी। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्री, रेलवे कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक प्रस्तुतियों से भावविभोर नजर आए और कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
‘वंदे मातरम्’ से ‘सारे जहां से अच्छा’ तक गूंजा स्टेशन
आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति की शुरुआत राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ की धुन से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ तथा ‘सारे जहां से अच्छा’ सहित अनेक लोकप्रिय देशभक्ति गीतों और धुनों ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
बैंड की जोशीली धुनों के बीच रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों में राष्ट्रगौरव की अनुभूति देखने को मिली। यात्रियों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और आरपीएफ बैंड टीम की प्रतिभा एवं प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण अनुशासन, सम्मान और राष्ट्रगौरव की भावना से ओतप्रोत हो उठा। स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यात्रियों के सफर में देशभक्ति की एक यादगार अनुभूति जोड़ दी।
महाप्रबंधक सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, बिलासपुर की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इनके साथ रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित रेलवे सुरक्षा बल एवं शासकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी, यात्री एवं स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आरपीएफ बैंड टीम ने अनुशासित एवं प्रभावशाली अंदाज में देशभक्ति की प्रस्तुतियां दीं।
देशभक्ति के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी रही चाक-चौबंद
कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
स्वतंत्रता दिवस की संध्या आरपीएफ बैंड की यह प्रस्तुति केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने यात्रियों और नागरिकों के बीच राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गूंजती देशभक्ति की धुनों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।

