
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम
रायपुर, 15 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड कार्यालय सहित प्रदेशभर में संचालित पंजीकृत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक मदरसों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर रायपुर में सुबह 8:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। बोर्ड की वरिष्ठतम स्टाफ सदस्य फ्रजाना ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के सचिव पी.पी. द्विवेदी, सेवानिवृत्त लेखापाल सतीश शर्मा, प्रभारी रजिस्ट्रार अफरोज बेगम, डॉ. शबा परवीन, नजीर अहमद रजा, सुखनवर हुसैन, अशरफ अहमद, अकरम बेग, प्रदीप बघेल, शाहनवाज खान, सुमन ध्रुव, जीतेन्द्र नेताम, सजनी बाई यादव सहित बोर्ड कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदेश में संचालित पंजीकृत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक मदरसों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने गीत, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना व्यक्त की।
मदरसों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमा, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाते हुए सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

