Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedघुड़सवारों के साहस, महिला बैगपाइपर बैंड की लय और श्वान दल के...

घुड़सवारों के साहस, महिला बैगपाइपर बैंड की लय और श्वान दल के रोमांचक प्रदर्शन से सजा स्वतंत्रता दिवस समारोह

हॉर्स शो में दिखा अदम्य साहस, महिला बैंड की धुनों ने बांधा समां, पुलिस डॉग्स ने दिखाई अद्भुत दक्षता

रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वान दल ने शानदार एवं रोमांचक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। साहस, अनुशासन, संगीत और प्रशिक्षित श्वानों की दक्षता से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय को रोमांचित कर दिया।

घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया।

टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी दक्षता और नियंत्रण का प्रदर्शन किया। घुड़सवारों और अश्वों के शानदार तालमेल को देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

महिला बैगपाइपर बैंड की मनमोहक प्रस्तुति

आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय महिला बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च में ‘इंडिया गेट’, ‘केसरिया बाना’, ‘हैप्पी मेन’, ‘शांति सेना’ और ‘पुलकित हिमालय’ जैसी धुनों की प्रस्तुति दी। स्लो मार्च में ‘नवरंगी’ और ‘तर्शपे रील’ सहित ड्रम कॉल ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर सुमधुर धुनें प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी बीटीसी मानू में छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तृतीय स्थान हासिल किया। हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला। इसी प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और ऑलराउंडर द बेस्ट का खिताब हासिल किया था।

श्वान दल ने दिखाया रोमांचक और उपयोगी प्रदर्शन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात विभिन्न विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल के फूल की आकृति में स्वयं को व्यवस्थित कर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का श्वानों ने पूरी दक्षता से पालन किया।

श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने आग से जल रहे गोल रिंग के बीच से छलांग लगाकर रोमांचक प्रदर्शन किया। इसके अलावा प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को खोजने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न गंधों के मिश्रण में से निर्धारित गंध की पहचान करने तथा रूमाल की गंध के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रदर्शन भी किया गया।

घुड़सवार दल के साहसिक करतब, महिला बैगपाइपर बैंड की मनमोहक धुनों और श्वान दल की अद्भुत दक्षता ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह, रोमांच और देशभक्ति की भावना का संचार किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments