
पश्चिम बंगाल के चिन्सुरह, हुगली में 7 से 9 अगस्त तक कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) के तत्वावधान में नेशनल कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से करीब 3000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ से भी 52 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता में बिलासपुर के निर्णायक (रेफरी) अशोक वर्मा, प्रतीक सोनी एवं ठाकुर कर्ण सिंह ने ऑफिशियल के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक हासिल किए, जिनमें एक स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि पर कराते एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष सुशील चंद्र एवं कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) के कोषाध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ कराते एसोसिएशन के महासचिव अविनाश शेट्टी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
बिलासपुर की प्रतिभावान खिलाड़ी इच्छा नेताम ने बालिका वर्ग की 17 वर्ष आयु कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ने इच्छा नेताम को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उनकी सफलता पर बधाई दी। कार्यक्रम में बिलासपुर कराते एकेडमी के अध्यक्ष ठाकुर कर्ण सिंह, सचिव शिवानी बुधौलिया, प्रशांत पांडे, संगीत मोइत्रा, बबलू केसरवानी, पूनम चंद कौशिक, सिमरन सिंह अरोरा, राज चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


