Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedरक्तदान से दिया मानवता का संदेश, विश्व आदिवासी दिवस पर सर्व आदिवासी...

रक्तदान से दिया मानवता का संदेश, विश्व आदिवासी दिवस पर सर्व आदिवासी समाज ने जुटाईं करीब 80 यूनिट रक्त

जरहाभाठा आदिवासी छात्रावास में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

पदाधिकारियों और समाज प्रमुखों ने भी किया रक्तदान, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट और वाटर बॉटल देकर किया सम्मानित

बिलासपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला सर्व आदिवासी समाज बिलासपुर ने सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए जरहाभाठा स्थित आदिवासी छात्रावास में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। साई ब्लड बैंक बिलासपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और करीब 80 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। आयोजन के माध्यम से समाज ने जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के साथ रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया।

शिविर में समाज के युवाओं के साथ पदाधिकारियों और समाज प्रमुखों ने भी रक्तदान कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। सर्व आदिवासी समाज के प्रांताध्यक्ष सुभाष सिंह परते, प्रदेश सचिव आयुष सिंह राज, जिलाध्यक्ष शिव नारायण चेचाम तथा शासकीय सेवक संघ के रामचंद्र ध्रुव सहित अन्य समाज प्रमुखों ने रक्तदान कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा सामाजिक कार्य है, जिसमें व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में प्रत्यक्ष योगदान देता है।

रक्तदान करने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति की ओर से प्रत्येक रक्तदाता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही हेलमेट और वाटर बॉटल भेंटकर रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया। समिति ने कहा कि युवाओं की यह भागीदारी समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाली है।

साई ब्लड बैंक बिलासपुर की स्वास्थ्य टीम ने शिविर में पूरे समय उपस्थित रहकर रक्तदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच, मार्गदर्शन और रक्तदान से संबंधित जानकारी दी गई। लोगों को नियमित रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रभाग सविता साय, जिलाध्यक्ष युवराज प्रधान, महिला प्रभाग की रंगिया प्रधान, मनोज मरावी, देवसिंह मार्को, त्रिलोकी मार्को, अविनाश ध्रुव, चरण सिंह राज, विजय ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, युवा और समाजजन उपस्थित रहे।

प्रांताध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के मानवीय और सामाजिक दायित्वों को मजबूत करने का अवसर भी है। रक्तदान शिविर इसी भावना का जीवंत उदाहरण है। समाज के युवाओं ने रक्तदान कर यह संदेश दिया है कि सेवा और मानवता के कार्य में आदिवासी समाज सदैव अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तत्पर है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments