Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedIDBI बैंक की CSR पहल से जशपुर के 8 विद्यालयों में शुरू...

IDBI बैंक की CSR पहल से जशपुर के 8 विद्यालयों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास

डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, तकनीक आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता होगी मजबूत

प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले में महत्वपूर्ण पहल करते हुए IDBI बैंक की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के अंतर्गत जिले के आठ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में स्मार्ट क्लास पैनल स्थापित किए गए हैं। जशपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास ने स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया।

IDBI बैंक की जशपुर शाखा की इस पहल के तहत जशपुर, बगीचा, दुलदुला, तपकरा, लोधमा, कुनकुरी और पत्थलगांव सहित जिले के आठ प्रमुख सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को स्मार्ट क्लास सुविधा से जोड़ा गया है। इन डिजिटल पैनलों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी सीखने की क्षमता, विषयों की समझ और अध्ययन के प्रति रुचि में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी बेहतर ढंग से तैयार करेंगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में IDBI बैंक की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति सकारात्मक योगदान बताया।

कार्यक्रम में IDBI बैंक जशपुर के शाखा प्रबंधक ऋषिकेश महतो, रामनिवास अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य संजय यादव, राहुल गुप्ता, कलेक्टर कार्यालय से अभिषेक दुबे सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments