मूकनायक/ निर्मल कुमार जिला ब्यूरो चीफ उन्नाव/उत्तर प्रदेश
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा उद्घाटित लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा पहली ही बारिश के बाद धंसने की खबर सामने आने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क धंसने की स्थिति देखने को मिली। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।
विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क धंसने से तेज रफ्तार वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इस संबंध में संबंधित विभाग या निर्माण एजेंसी की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी।

