Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedभारी बारिश को लेकर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट, मुख्यमंत्री ने सभी...

भारी बारिश को लेकर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट, मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को दिए सतर्क रहने के निर्देश

रेड एवं येलो अलर्ट वाले जिलों में विशेष निगरानी, राहत-बचाव की पुख्ता तैयारी और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

रायपुर, 30 जुलाई। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए जारी रेड एवं येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को संभावित बाढ़ एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर तत्काल एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारियां पूरी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धजनों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नावों, राहत सामग्री, बचाव उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिला एवं राज्य स्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मौसम की स्थिति, जलाशयों के जलस्तर, नदी-नालों की स्थिति तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा की जाए। आवश्यकता पड़ने पर बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की सतर्कता, समयबद्ध कार्रवाई और जनसहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments