
31.33 लाख रुपये के अवैध रेल टिकट बरामद, रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत की गई कार्रवाई
बिलासपुर, 30 जुलाई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत अवैध रेल टिकट दलालों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक तीनों रेल मंडलों में 136 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 31.33 लाख रुपये मूल्य के रेल टिकट बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार वर्ष 2025 में भी अभियान के दौरान तीनों मंडलों में 278 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान उनके पास से लगभग 63.39 लाख रुपये मूल्य के रेल टिकट जब्त किए गए थे। इन सभी मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें अधिकतम तीन वर्ष के कारावास का प्रावधान है।
रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-फरोख्त, कालाबाजारी एवं दलाली पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत रेलवे काउंटर अथवा अधिकृत ऑनलाइन माध्यमों से ही टिकट खरीदें तथा किसी भी अवैध टिकट दलाल के माध्यम से टिकट खरीदने से बचें।
रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी टिकट व्यवस्था तथा दलाली पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

