
पुल के ऊपर एक फीट तक बहा पानी, प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर रोका यातायात, नगर सैनिक तैनात

कोंडागांव जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नारंगी नदी का जलस्तर बढ़ने से कोंडागांव–जोंधरापदर–नारायणपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नदी का पानी पुल के ऊपर लगभग एक फीट तक बहने लगा, जिसके बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन यह निर्णय लिया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीएम अजय उरांव एवं तहसीलदार मनोज रावटे मौके पर पहुंचे और नदी के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कराया। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने नगर सैनिकों की भी तैनाती की है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जलमग्न मार्ग से आवागमन का प्रयास न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।

